Sat. Jan 10th, 2026

परिषदीय स्कूलों के कक्षा तीन तक के बच्चों को भाषा और गणित में निपुण बनाने के अभियान में गड़बड़ी सामने आई है। प्रदेश के 7862 स्कूलों में निपुण असेसमेंट में गड़बड़ी मिली है इनमें बनारस के भी 54 स्कूल हैं। राज्य परियोजना निदेशालय ने कड़ा ऐतराज जताते हुए डायट प्राचार्य और बीएसए को सभी स्कूलों दोबारा निपुण असेसमेंट कराने का निर्देश दिया है। नवंबर और दिसंबर में जिले के सभी स्कूलों में कक्षा एक से तीन तक के बच्चों का निपुण मूल्यांकन हुआ था। इसमें बच्चों की भाषा और गणित की जानकारी की जांच की गई थी। इस काम में शिक्षक संकुलों के साथ डीएलएड प्रशिक्षुओं को लगाया गया था। एक सर्वे टीम को एक दिन में दो स्कूलों का सर्वे करना था, इस दौरान पूरा प्रोफार्मा भरा जाना था। विद्या समीक्षा केंद्र की तरफ से कराए गए इस रिपोर्ट के आकलन में कई गड़बड़ियां पाई गईं। कई स्कूलों का रविवार को सर्वे दिखाया गया जब स्कूल बंद थे। स्कूलों की लोकेशन टैगिंग में भी गड़बड़ी मिली है। बनारस में ऐसे 54 स्कूल पाए गए हैं। परियोजना निदेशालय की कड़ी आपत्ति के बाद स्कूलों का दोबारा सर्वे शुरू हो गया है। शीतावकाश से पहले यह निपुण असेसमेंट निदेशालय को भेज दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *