Wed. Jun 25th, 2025

डीघ ब्लॉक के दरवांसी प्राथमिक विद्यालय प्रथम में बृहस्पतिवार को छत से प्लास्टर गिरने से दो छात्राएं घायल हो गई। एक छात्रा का सिर फट गया।वहीं दूसरी छात्रा भी चोटिल हो गई। दोनों नजदीकी चिकित्सालय में भर्ती है। घटना के बाद परिजनों ने बच्चों को स्कूल भेजने से मना कर दिया।डीप ब्लॉक के उच्च कन्या विद्यालय दरवांसी का भवन जर्जर है। दो साल पहले स्कूल के 78 बच्चियों को प्राथमिक विद्यालय दरवांसी प्रथम में शिफ्ट किया गया था। जहां एक ही भवन में सभी बच्चियों की कक्षाएं चल रही थी।जिस जर्जर भवन में खतरे को देखते हुए छात्राओं को दूसरे विद्यालय में शिफ्ट किया गया था। उस विद्यालय का भवन भी जर्जर हाल में ही था। बृहस्पतिवार को स्कूल में बच्चियों की कक्षा चल रही थी।इस बीच अचानक जर्जर भवन की छत से प्लास्टर भरभरा कर दो छात्राओं के ऊपर गिर गया। प्लास्टर गिरते ही छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई। छात्राएं कक्षा से निकलकर इधर-उधर भागने लगी। प्लास्टर गिरने से कक्षा आठवीं की छात्रा खुशबू का सिर फट गया और प्रियंका भी चोटिल हो गई। अध्यापकों ने तुरंत छात्राओं को नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाया। जहां दोनों का उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों छात्राओं के परिजन अस्पताल पहुंच गए। घटना से आक्रोशित परिजनों ने बच्चों को स्कूल भेजने से मना कर दिया। प्रधानाध्यापक रन्नो देवी ने बताया कि विद्यालय भवन की छत जर्जर है। प्लास्टर एक टुकड़ा दो छात्राओं पर गिरा है। दोनों छात्राएं खतरे से बाहर हैं। इस घटना से अभिभावकों में आक्रोश है। जिले में 90 स्कूलों के भवन हैं जर्जर – बेसिक शिक्षा विभाग ने इस साल सर्वे में 90 स्कूलों के भवन को जर्जर पाया। विभाग इन भवनों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार कर रहा है। धनराशि स्वीकृत होते ही भवनों की मरम्मत कराई जाएगी। पिछले साल 110 स्कूलों के भवन जर्जर पाए गए थे। इनमें से अधिकत्तर भवनों का मरम्मत कार्य पूरा चुका है। कुछ स्कूलों में मरम्मत कार्य चल रहा है। मरम्मत कार्य के बाद छात्राएं स्कूल में शिफ्ट होती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *