Sat. Mar 15th, 2025

फरीदपुर – छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने बिना नहाए स्कूल आने पर विद्यार्थियों को नहाने की सजा सुना दी। प्रधानाचार्य ने खुद ही इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है। अब विद्यालय परिसर में लगे पंपिंग सेट पर नहाते छात्रों का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि, मामले में कोई शिकायत नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज के कुछ छात्र सोमवार को बिना नहाए स्कूल पहुंच गए थे। प्रधानाचार्य को इसकी जानकारी हुई तो प्रार्थना के बाद उन्होंने ऐसे विद्यार्थियों को विद्यालय में नहाने की सजा सुना दी। पांच छात्रों को विद्यालय में लगे पंपिंग सेट पर ही नहलाया। कड़ाके की ठंड में खुले में नहाते छात्र कांपते नजर आए। प्रधानाचार्य ने खुद ही इसका वीडियो भी बनाया। बाद में इसे कई ग्रुपों में साझा कर दिया। वीडियो में प्रधानाचार्य विद्यार्थियों से पूछ रहे हैं कि अब प्रतिदिन नहाकर विद्यालय आओगे? इस पर विद्यार्थी हामी भरते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर लोग प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। कई लोग इसे तानाशाही बता रहे हैं तो कुछ लोग इसका समर्थन भी कर रहे हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य रणविजय सिंह यादव ने बताया कि ये छात्र कई दिन से बिना नहाए स्कूल आ रहे थे। नियम का पालन करने के लिए सभी को विद्यालय में ही नहाने के लिए कहा गया। अन्य विद्यार्थी भी प्रेरणा लें, इस वजह से इस वीडियो को साझा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *