Sat. Jun 28th, 2025

परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल अटेंडेंस भले ही अगले आदेश तक स्थगित हो गई हो, लेकिन शिक्षक संगठन इससे संतुष्ट नहीं हैं। शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने डिजिटल अटेंडेंस का आदेश निरस्त करने, शिक्षामित्रों को समान कार्य का समान वेतन देने जैसी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह के साथ हुई बैठक के निर्णय की जानकारी होने पर लखनऊ में संयुक्त संघर्ष मोर्चा की मंगलवार को बैठक हुई। इसमें मोर्चे के सभी घटक संगठन शामिल हुए। मोर्चा संयोजक उप्र. जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष योगेश त्यागी ने कहा कि डिजिटल अटेंडेंस को स्थगित करना हमारी समस्याओं का स्थायी हल नहीं है। यह क्षणिक जीत है।उप्र. प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील पांडेय ने कहा कि शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशकों की समस्याओं के समाधान होने तक मोर्चा के पूर्व घोषित कार्यक्रम यथावत रहेंगे। शिक्षामित्र संघ के प्रदेश महामंत्री सुशील यादव ने भी शिक्षामित्रों की समस्याओं के समाधान तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। इस क्रम में 25 जुलाई को जिलों में प्रदर्शन, 29 जुलाई को बेसिक शिक्षा निदेशालय का घेराव और 5 सितंबर को लखनऊ में डेरा डाला जाएगा। उप्र. बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने भी आंदोलन जारी रखने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *