Wed. May 6th, 2026

डेढ़ साल चली लंबी प्रक्रिया के बाद दूसरे जिलों से तबादला होकर आए बेसिक शिक्षकों को अभी तक इंक्रीमेंट का इंतजार कर रहे हैं। जून में प्रदेश के करीब 2,700 शिक्षकों के अंतरजनपदीय म्यूचुअल तबादले पूरे हो गए थे। जुलाई में सबका इंक्रीमेंट लगता है। तबादला होकर आए शिक्षकों का अगस्त तक का वेतन आ गया लेकिन इंक्रीमेंट लगकर नहीं आया। कई शिक्षकों ने अप्लीकेशन लिखकर इंक्रीमेंट लगाने की मांग की है। इसके बावजूद बीईओ इसमें आनाकानी कर रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि बीईओ जिस जिले से आए हैं, वहां से रेकॉर्ड का मिलान करने की बात कह रहे हैं जबकि सभी शिक्षकों की सर्विस बुक ऑनलाइन हैं। तुरंत सभी रेकॉर्ड का मिलाने किया जा सकता है। बाराबंकी से लखनऊ के माल ब्लॉक में प्राथमिक विद्यालय लोधई में शिक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि वह बीईओ को अप्लीकेशन भी लिख चुके हैं लेकिन अभी तक इंक्रीमेंट नहीं लगा। बहराइच से गोंडा के प्राथमिक विद्यालय कुंडरी खेमपुर में तबादला होकर आए शिक्षक पवन मिश्र और रचना राय ने भी बताया कि अभी तक उनका इंक्रीमेंट नहीं लगा। अभी उनके रेकॉर्ड मंगाकर मिलान करने की बात अधिकारी कह रहे हैं। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने बताया कि स्पष्ट निर्देश हैं कि जुलाई में सभी का इंक्रीमेंट लग जाना चाहिए। यदि कहीं से भी इस तरह की शिकायत है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *