Thu. Jan 15th, 2026

उत्तर प्रदेश के 217 राजकीय डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1253 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन गुरुवार से शुरू हो गए हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 28 विषयों में भर्ती निकाली है। कई विषयों में अंतः संबद्ध और समकक्ष विषयों को मान्य किया गया है। वाणिज्य विषय में व्यावसायिक प्रशासन एवं प्रबंध, लेखाशास्त्र एवं सांख्यिकी के साथ ही आर्थिक प्रशासन एवं वित्तीय प्रबंध विषयों को भी मान्य किया गया है।साफ है कि मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) करने वाले भी वाणिज्य विषय के 157 पदों पर आवेदन कर सकते हैं। वनस्पति विज्ञान में सर्वाधिक समकक्ष विषय मान्य है। असिस्टेंट प्रोफेसर वनस्पति विज्ञान के 79 पदों के लिए प्लांट साइंस, बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, प्लांट बायोटेक्नोलॉजी, बायोकेमेस्ट्री, मरीन बायोटेक्नोलॉजी, जेनेटिक्स, इनवायरमेंटल साइंस और लाइफ साइंस को मान्य किया गया है। इतिहास में आधुनिक, मध्यकालीन व प्राचीन इतिहास के साथ ही पुरातत्व विषय भी मान्य है। गृह विज्ञान में फूड एंड न्यूट्रिशन, क्लाथिंग टेक्सटाइल्स, हामन डेवलपमेंट और फैमिली रिसोर्सेस मैनेजमेंट जबकि रसायनविज्ञान में व्यावहारिक रसायनशास्त्र, कार्बनिक, अकार्बनिक रसायन और फार्मास्युटिकल भी मान्य है। राजनीतिशास्त्र में लोक प्रशासन एवं अंतर्राष्ट्रीय संबंध भी मान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *