Fri. Apr 17th, 2026

परिषदीय स्कूलों में शैक्षिक सत्र 2025-26 में पंजीकृत बच्चों को पुरानी पुस्तक के सहारे पढ़ाई नहीं करनी होगी। सत्र शुरू होते ही पहले दिन पंजीकृत बच्चों को नई किताबें वितरित की जाएंगी। किताबों को बीआरसी के माध्यम से स्कूल पहुंचाया जा रहा है। एक अप्रैल को किताबों का वितरण कराने की तैयारी है। कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को शिक्षित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में 1139 प्राथमिक, 234 उच्च प्राथमिक स्कूल, 197 कंपोजिट स्कूल संचालित किए जाते हैं। शैक्षिक सत्र में विभिन्न कक्षाओं में पंजीकृत 1,32,142 बच्चे 24 मार्च से परीक्षा देने के बाद एक अप्रैल से नवीन कक्षा में प्रवेश करेंगे। नवीन कक्षा में प्रवेश के बाद शैक्षिक सत्र 2025-264 में बच्चों को पुरानी पाठ्य पुस्तक से शिक्षण कार्य करने की परेशानी नहीं होगी। सत्र शुरू होने के बाद स्कूल पहुंचे बच्चों के हाथों में नई किताबें होंगी। नए शिक्षा सत्र के पहले दिन बच्चों को पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग पूरी तरह से गंभीर है। पहले चरण में कक्षा तीन से आठ तक पढ़ने वाले बच्चों को पुस्तकें मुहैया कराने का फैसला लिया गया है। एक अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी। नामित संस्था सोमवार तक बेसिक शिक्षा विभाग को चार लाख 95 हजार पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करा चुकी है। शेष किताबें आ रही हैं। विभाग की तैयारी है कि सत्यापन का कार्य होते ही बीआरसी पर पुस्तकें भेजी जाएंगी, वहां से स्कूलों तक किताबें पहुंचाई जाएंगी। विभाग के जानकारों की मानें तो कक्षा एक और दो के लिए एनसीईआरटी से किताबें आएंगी। किताबों की आपूर्ति मिलने के बाद विभाग ने गोदाम में सुरक्षित रखवाने के बाद जिला स्तरीय कमेटी से सत्यापन के साथ वितरण की कवायद शुरू कर दी है।जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता प्रवीण सिंह ने रविवार तक चार लाख 36 हजार पाठ्य पुस्तकों की आपूर्ति मिलने की पुष्टि की है। बीएसए संजय कुमार तिवारी ने बताया कि जिले में पर्याप्त पुस्तकें आ गई हैं। एक अप्रैल से प्रारंभ होने वाले शिक्षा सत्र के पहले दिन ही बच्चों को पुस्तकें मुहैया कराई जाएंगी। बीआरसी के माध्यम से विद्यालयों तक पहुंचाने का खाका तैयार कर लिया गया है। आपूर्ति मिलने के साथ सत्यापन समेत अन्य प्रक्रिया पूरी कर 31 मार्च को स्कूलों में समारोह आयोजित कर परीक्षा फल वितरण के साथ बच्चों को पाठ्य पुस्तकें वितरित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *